मुख्य खबर पर जाएँ
भिलाई 24°
साइन इनसब्सक्राइब|

उत्तर प्रदेश

एमबीबीएस इंटर्न छात्रों का मानदेय 12 हजार से बढ़कर 25 हजार रुपये

लेखक Vibha Singh · 31 अगस्त 2026 को 05:22 pm बजे
एमबीबीएस इंटर्न छात्रों का मानदेय 12 हजार से बढ़कर 25 हजार रुपये

जौनपुर(सत् पथ) उमानाथ सिंह स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, सिद्दीकपुर के एमबीबीएस इंटर्न छात्रों की लंबे समय से चली आ रही स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। प्रदेश सरकार ने इंटर्न छात्रों के मासिक स्टाइपेंड को 12 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये करने का निर्णय लिया है। स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर इंटर्न छात्र लंबे समय से आंदोलनरत थे। मेडिकल कॉलेज परिसर में धरना-प्रदर्शन करने के साथ ही छात्रों ने लखनऊ में भी अपनी मांग को लेकर आंदोलन किया। विरोध के दौरान छात्रों ने काली पट्टी बांधकर सरकार का ध्यान अपनी मांग की ओर आकर्षित किया था। छात्रों की मांग थी कि मौजूदा 12 हजार रुपये के स्टाइपेंड को बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया जाए। बताया गया कि करीब दो माह पहले डॉ. कुंवर निलेंद्र ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर इंटर्न छात्रों की समस्याओं और स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को उनके समक्ष रखा था। मुख्यमंत्री ने छात्रों की मांग पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद प्रदेश सरकार ने इंटर्न छात्रों के स्टाइपेंड में वृद्धि करते हुए इसे 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया। सरकार के इस फैसले के बाद छात्रों में खुशी का माहौल है। निर्णय के बाद डॉ. कुंवर निलेंद्र, डॉ. शुभम सिंह, डॉ. ओम और डॉ. रिशित के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और मांग पूरी किए जाने पर उनका आभार व्यक्त किया। इंटर्न छात्रों ने कहा कि स्टाइपेंड में वृद्धि से प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत इंटर्न छात्रों को आर्थिक राहत मिलेगी। लंबे संघर्ष के बाद सरकार द्वारा मांग स्वीकार किए जाने पर छात्रों ने खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।